खोजें

सहेजे गए लेख

आपने अभी तक अपने बुकमार्क में कोई लेख नहीं जोड़ा है!

लेख ब्राउज़ करें
Newsletter image

न्यूज़लेटर की सदस्यता लें

नए पोस्ट, समाचार और सुझावों के बारे में सूचित होने के लिए 10k+ लोगों में शामिल हों।

चिंता न करें हम स्पैम नहीं करते!

GDPR अनुपालन

हम यह सुनिश्चित करने के लिए कुकीज़ का उपयोग करते हैं कि आपको हमारी वेबसाइट पर सबसे अच्छा अनुभव मिले। हमारी साइट का उपयोग जारी रखकर, आप हमारे कुकीज़ के उपयोग, गोपनीयता नीति, और सेवा की शर्तें को स्वीकार करते हैं।

आजाद बिंद हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे मुकेश सहनी को यूपी पुलिस ने रोका, योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Logo
माई पीडीए समाचार
द्वारा संपादित : KAJAL TIWARI | Sat, 27 Jun 2026 11:44 AM
  • शेयर करें:

जौनपुर/लखनऊ: विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी को उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आजाद बिंद हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जाने के दौरान पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। इस घटना से नाराज मुकेश सहनी ने योगी सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीब, पिछड़ों और दलितों को न्याय नहीं मिल रहा, बल्कि सिर्फ एनकाउंटर का सामना करना पड़ रहा है।


वीआईपी प्रमुख ने चेतावनी दी कि अगर दो दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर जौनपुर आएंगे, चाहे छुपकर ही क्यों न आना पड़े।


डेढ़ सौ किलोमीटर पहले ही रोक दिया  

मुकेश सहनी ने बताया कि उनका पहले से तय कार्यक्रम था कि वे आजाद बिंद हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिलकर हालचाल जानेंगे और न्याय की लड़ाई में साथ देंगे। लेकिन उन्हें कार्यक्रम स्थल से लगभग डेढ़ सौ किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया।


उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की बेटी पिछले दस दिनों से जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में अनशन और धरने पर बैठी है। लेकिन प्रशासन ने उन्हें जिले में प्रवेश तक नहीं करने दिया।


आतंकवादी जैसा बर्ताव का आरोप  

मीडिया से बातचीत में मुकेश सहनी ने कहा कि ऐसा लगा जैसे हम कोई आतंकवादी या अपराधी हों। सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात कर हमें रोक दिया गया। लोकतंत्र में किसी पीड़ित परिवार से मिलने तक की अनुमति नहीं दी जा रही है। यह जनता के संवैधानिक अधिकारों का खुला हनन है।


उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक से बात हुई है और आग्रह किया है कि दो दिनों के भीतर पीड़ित परिवार की न्यायोचित मांगों पर कार्रवाई कर धरना समाप्त कराया जाए।


अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं: सहनी  

योगी सरकार पर निशाना साधते हुए मुकेश सहनी ने कहा कि आज अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि न्याय मांगने वालों को रोका जा रहा है। इससे संदेश जा रहा है कि सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरे मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है, जबकि न्याय दिलाने के बजाय आवाज उठाने वालों पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है।


वीआईपी प्रमुख ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में कानून का राज चाहती है तो दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करे। उन्होंने कमलेश बिंद के कथित फर्जी एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब, पिछड़े और दलित समाज केवल एनकाउंटर के लिए नहीं हैं। उन्हें भी समान न्याय मिलने का अधिकार है।


संघर्ष जारी रखने का ऐलान  

मुकेश सहनी ने कहा कि वीआईपी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक वीआईपी प्रमुख को अंबेडकर नगर ले जाया जा रहा है।

इस विषय से संबंधित: